1 इन दिनों कांग्रेस में जमकर बिखराव और फूट देखने को मिल रही है। आए दिन मंत्री-विधायक अपनी ही पार्टी के बड़े नेताओं को घेरने में जुटे है। इनमें सबसे आगे नाम कमलनाथ सरकार में वनमंत्री उमंग सिंघार का चल रहा है, वे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर जमकर एक के बाद एक बड़े आरोप और हमले बोल रहे है। पर्दे के पीछे सरकार चलाने और ट्रांसफर के बाद अब उमंग सिंघार ने दिग्विजय पर रेत और शराब कारोबार का आरोप लगाया है। वही उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर सिंह पर कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप लगाया है। 2 महाकालेश्वर मंदिर में एक बार फिर वीआईपी दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। वीआईपी दर्शन का समय दो घंटे से बढ़ा कर चार घंटे कर दिया है। लेकिन शेष समय में अब सामान्य दर्शनार्थियों को गर्भगृह में प्रवेश दिया जाएगा। इससे सामान्य दर्शनार्थियों को गर्भगृह में दर्शन की सुविधा फिर से शुरू हो जाएगी। 3 सरदार सरोवर बांध के डूब प्रभावितों के अधिकार को लेकर जारी नबआं प्रमुख मेधा पाटकर का अनशन 9वें दिन सोमवार को खत्म हो गया। रात 10.30 बजे पूर्व मुख्य सचिव शरदचंद्र बेहार ने नींबू पानी पिलाकर पाटकर का अनशन तुड़वाया। बेहार भोपाल से बड़वानी सीएम कमलनाथ के संदेशवाहक बनकर पहुंचे थे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरदार सरोवर बांध को 139 मीटर तक न भरने व डूब प्रभावितों के पुनर्वास सहित सभी मुद्दों पर 9 सितंबर को भोपाल में सीएम चर्चा के लिए तैयार हैं। 4 मध्य प्रदेश में मानसून सितंबर में भी सक्रिय है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चौबीस घंटों के दौरान कहीं कहीं झमाझम बारिश होने के आसार है। देश में बारिश के अनुकूल तीन-तीन स्थितियां बन गई है। इसमें बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का सिस्टम सक्रिय होकर आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही द्रोणिका (मानसून ट्रफ) प्रदेश के गुना एवं उमरिया से होकर गुजर रही है। 5 मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को लेकर मचे घमासान के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया आज सुबह ग्वालियर पहुंचे। अपने नेता के स्वागत के लिए स्टेशन पर समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी। खुद प्रदेश सरकार में महिला बाल विकास मंत्री और सिंधिया की कट्टर समर्थक इमरती देवी उन्हें लेने स्टेशन पहुंचीं थी। इस मौके पर जब सिंधिया से प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ कर दिया कि, ष्जो पार्टी हाईकमान फैसला करेगा वो सर्वमान्य होगा।