Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
14-Oct-2019

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने प्रदेश के राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ियों की सड़क दुर्घटना में अकस्मात मृत्यु होने पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। श्री कमल नाथ ने शोक संदेश में कहा कि इन खिलाड़ियों की मृत्यु से प्रदेश के हॉकी जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। श्री कमल नाथ ने कहा कि होनहार खिलाड़ी श्री शाहनवाज खान, श्री आदर्श हरदुआ, श्री आशीष लाल और श्री अनिकेत की दु:खद मृत्यु से उन्हें गहरा आघात पहुँचा है। उन्होंने कहा कि ये सभी खिलाड़ी मध्यप्रदेश का गौरव थे। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने नरसिंहपुर के रहवासियों को बड़ी सौगात देते हुए चिकित्सा के अत्याधुनिक उपकरणों से लैस 100 बिस्तरीय श्री शंकर लाल दुबे जिला चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस भवन की लागत 10 करोड़ 65 लाख 15 हजार रुपये है। नया भवन बन जाने से मरीजों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने नरसिंहपुर में 70 करोड़ रूपये लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में उन्नति लाने के लिए व्यापक सुधार कार्यक्रम शुरु किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादक किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए नई नीति बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने नरसिंहपुर जिले में झोतेश्वर पहुँचकर जगदगुरु शंकराचार्य श्री स्वरूपानन्द सरस्वती महाराज से भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य महाराज को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने झोतेश्वर में 5 करोड़ रुपये लागत की 4 किलोमीटर लम्बी सीमेन्ट-कॉन्क्रीट सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा में 63वें धम्म चक्र प्रवर्तन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने भारतीय संविधान का निर्माण तो किया ही, साथ ही कई अफ्रीकी देशों को उनका संविधान बनाने में मदद भी की। यही कारण है कि अफ्रीकी देशों ने बाबा साहेब की समानता आधारित समाज की सोच को अपनाया है। उन्होंने कहा कि हर धर्म का एक संदेश होता है। उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म के संदेश की आज सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व को आवश्यकता है। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा में पेंशनर्स समाज कार्यालय के समीप बने सेल्फी प्वाइंट पर बैठकर सेल्फी ली। इस अवसर पर जिले के प्रभारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे उपस्थित थे। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी शर्मा ने कहा है कि नगर के छोटे और बड़े तालाब सहित अन्य घाटों पर छठ पर्व की व्यवस्थाओं की तैयारियों का वह स्वयं निरीक्षण करेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि भोपाल में लगभग 36 घाटों पर छठ पूजा की जाती है। मंत्री श्री शर्मा ने नगर निगम अधिकारियों से कहा है कि छठ पूजा के लिये सभी कुंडों और घाटों पर पर्याप्त साफ-सफाई और रोशनी आदि की व्यवस्था की जाए। तालाब के घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जाएं। विशेष पुलिस महानिदेशक श्री महान भारत सागर ने पीटीआरआई में 'फिट इण्डिया-फिट पुलिस'' कार्यक्रम में कहा कि तनाव को कम करने के लिये सकारात्मक सोच जरूरी है। उन्होंने कहा कि अच्छा मौसम, अच्छा काम और अच्छी संगत का लुत्फ लेकर तनाव को आसानी से कम किया जा सकता है। श्री सागर कहा कि स्वस्थ रहेंगे, तो मस्तिष्क भी स्वस्थ रहेगा। तनाव को कम करने के लिये म्यूजिक, खेल, पढ़ने की आदत, पेंटिंग आदि को दिनचर्या में शामिल किया जा सकता है।