धनखड़ बोले- CBI डायरेक्टर के चयन में CJI क्यों उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि CBI डायरेक्टर या अन्य बड़े अधिकारियों (चीफ इलेक्शन कमिश्नर) के सिलेक्शन पैनल में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया कैसे हिस्सा ले सकते हैं। न्यायिक सक्रियता और अतिक्रमण के बीच की रेखा पतली है लेकिन लोकतंत्र पर इसका प्रभाव मोटा है। धनखड़ ने आगे कहा- यह बात हैरान करती है कि हमारे जैसे देश या किसी भी लोकतंत्र में भारत के मुख्य न्यायाधीश CBI डायरेक्टर के चयन में कैसे भाग ले सकते हैं। क्या इसके लिए कोई कानूनी तर्क हो सकता है? उपराष्ट्रपति ने शुक्रवार को भोपाल में नेशनल ज्यूडिकल एकेडमी में एक सभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। महाकुंभ आ रहे छत्तीसगढ़ के 10 श्रद्धालुओं की मौत यूपी के प्रयागराज में शुक्रवार रात करीब ढाई बजे बोलेरो की बस से टक्कर हो गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई 19 घायल हैं। जान गंवाने वाले सभी लोग बोलेरो में सवार थे। वे छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से महाकुंभ आ रहे थे। हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा इलाके में हुआ। घायल हुए 19 लोग बस में सवार थे जो कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं। वे संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह से डैमेज हो गई। श्रद्धालु छिटककर सड़क पर जा गिरे। किसी का हाथ टूटा तो किसी का सिर फट गया। कई लोग बोलेरो में ही फंस गए। शवों को बोलेरो से निकालने में ढाई घंटे का समय लगा। महाकुंभ में आज वीकेंड पर भीड़ ज्यादा महाकुंभ का शनिवार को 34वां दिन है। आज भीड़ ज्यादा उमड़ी है। शहर के रास्ते जाम हैं। आज सुबह 10 बजे तक 54.67 लाख लोगों ने संगम में स्नान की है। रविवार को भी भारी भीड़ रहेगी। 33 दिनों में 50 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। इतिहास में यह सबसे बड़ा आयोजन रिकॉर्ड किया गया। 45 दिन तक चलने वाले महाकुंभ के अभी 12 दिन और बचे हैं। दिल्ली में 19-20 फरवरी को नए CM की शपथ संभव दिल्ली में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में CM और मंत्रिमंडल का शपथग्रहण समारोह 19 या 20 फरवरी को होने की संभावना है। आज दिल्ली में भाजपा नेताओं की बैठक भी हुई है। सूत्रों के मुताबिक 48 विधायकों में से 9 नाम छांटे गए हैं। जिनमें से मुख्यमंत्री को चुना जाएगा। PM मोदी आज अमेरिका दौरे से वापस लौट रहे हैं। इसके बाद ही दिल्ली के CM के नाम का ऐलान होने की संभावना है। अब 22 फरवरी को चंडीगढ़ में छठी वार्ता संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और केएमएम के 28 किसान नेताओं की केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ शुक्रवार को चंडीगढ़ में MSP समेत 11 मुद्दों पर बैठक हुई। शाम 5:11 बजे से रात 8:30 बजे तक चली बैठक बेनतीजा रही। किसानों ने चेताया कि केंद्र MSP गारंटी की मांग को हल्के में न ले। अब 22 फरवरी को अगली बैठक केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ होगी। किसान हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर 13 फरवरी 2024 से फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी के कानून समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी होंगे बीके हरिप्रसाद कांग्रेस ने हरियाणा-पंजाब चंडीगढ़ और हिमाचल समेत कई राज्यों के प्रभारी बदल दिए हैं। बीके हरिप्रसाद को हरियाणा और रजनी पाटिल को हिमाचल व चंडीगढ़ का प्रभारी लगाया गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब से जनरल सेक्रेटरी लगाया गया है। पार्टी ने हरियाणा के प्रभारी दीपक बाबरिया की छुट्टी की है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद उन्होंने प्रदेश प्रभारी के पद से इस्तीफे की पेशकश की थी लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने उनका इस्तीफा नहीं लिया था। हाल ही में निकाय चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की 4 संगठनात्मक सूची जारी कर कांग्रेस में गुटबाजी को रोकने का प्रयास किया था। आज 119 भारतीयों को जबरन भेजेगा अमेरिका अमेरिका अवैध तरीके से पहुंचे भारतीयों को 2 और विमानों में भारत वापस भेज रहा है। इनमें से एक विमान आज (15 फरवरी) की रात करीब सवा 10 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरेगा जबकि दूसरा विमान 16 फरवरी को यहां लैंड करेगा। ये जानकारी खुद पंजाब CM भगवंत मान ने दी। हालांकि अमृतसर एयरपोर्ट के अधिकारी या केंद्र सरकार की किसी एजेंसी की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है। पिछली फ्लाइट को लेकर भी अलग-अलग तरह की जानकारियां सामने आई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज विमान में 119 लोगों को लाया जाएगा। इनमें पंजाब के 67 और हरियाणा के 33 लोग शामिल हैं। वहीं दूसरे विमान में 157 भारतीयों को लाया जाएगा। फडणवीस बोले- तहव्वुर के लिए महाराष्ट्र की जेल तैयार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मुंबई हमले के मास्टरमांइड तहव्वुर राणा को रखने के लिए राज्य की जेल पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि हमने अजमल कसाब को रख लिया तो इसमें क्या बड़ी बात है। राणा को भी जेल में रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी राणा को भारत लाने की कोशिश की गई। भारत ने आनॅलाइन जांच करते हुए सभी संबंधित साक्ष्य अमेरिका को दिए थे। लेकिन अमेरिका उसे भेजने को तैयार नहीं था। अब PM मोदी की पहल के बाद अमेरिका राजी हुआ है। दिल्ली के पूर्व CM केजरीवाल के बंगले की जांच होगी दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल के 6 फ्लैगशिप रोड स्थित बंगले की जांच होगी। सेंट्रल विजिलेंस कमीशन (CVC) ने 13 फरवरी को आदेश जारी किया। CVC ने जांच का आदेश सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (CPWD) की रिपोर्ट सामने आने के बाद दिया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि 40000 वर्ग गज (8 एकड़) में बनी भव्य हवेली के निर्माण में कई नियमों को तोड़ा गया। हमास आज 3 इजराइली बंधकों को रिहा करेगा इजराइल-हमास के बीच सीजफायर डील के तहत आज हमास 3 इजराइली बंधकों को रिहा करेगा। रिहा होने वाले तीनों पुरुष बंधकों के नाम सागुई डेकेल-चेन साशा ट्रोफानोव और इएयर हॉर्न हैं। हमास ने अब तक 5 चरणों में इजराइल के 16 और थाईलैंड के 5 बंधकों को रिहा किया है।आज होने वाली बंधकों की रिहाई के बदले इजराइल 369 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। इनमें से 36 उम्रकैद की सजा काट रहे हैं बाकी 333 कैदियों को इजराइल ने गाजा जंग के बाद गिरफ्तार किया था। गूगल मैप ने दिखाया रूट बैरिकेडिंग पर चढ़ी कार दिल्ली से लुधियाना जाते वक्त गूगल मैप पर लोकेशन लगाना 3 युवकों को महंगा पड़ गया। अंबाला के पास शंभू बॉर्डर पर उनकी कार सीमेंट की बैरिकेडिंग पर चढ़ गई। हालांकि एयरबैग खुलने से तीनों की जान बच गई। मगर एक युवक की हालत गंभीर है। रात को हादसे के बाद तीनों युवकों ने दूसरी गाड़ी मंगाई और उसमें बैठकर चले गए।