नगर निगम भोपाल की सीवेज शाखा में अधिकारियों द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को जातिसूचक शब्द कहे जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी माता मंदिर स्थित निगम पेट्रोल पंप पर एकत्र हुए और शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। हालांकि विरोध के बावजूद शहर की सीवेज सेवाएं बाधित नहीं हुईं और सभी वाहन नियमित रूप से संचालित होते रहे। कर्मचारियों ने कार्यपालन यंत्री आर.के. त्रिवेदी और अधिकारी प्रियंका पाटीदार पर अभद्र भाषा और जातिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इस घटना से संजय कोटियाना आकाश अमरा महेंद्र तेजी और मुरली महावर सहित कई कर्मचारी आहत हैं। विरोध के बाद मंगलवार को ही कर्मचारियों ने कमला नगर थाने पहुंचकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। प्रांतीय अध्यक्ष साबिर खान स्वयं कर्मचारियों के बीच पहुंचे और मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल कर्मचारियों का नहीं बल्कि पूरे समाज की गरिमा का मामला है। सीवेज कर्मचारी संगठन ने शहरवासियों को हो रही परेशानियों को देखते हुए फिलहाल काम बंद नहीं करने का फैसला लिया लेकिन स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अगली बार सेवाएं पूरी तरह ठप की जाएंगी। कर्मचारी संगठन द्वारा इस मुद्दे को मानव अधिकार आयोग विभागीय मंत्री सांसद निगम कमिश्नर और महापौर को भी अवगत कराया जा रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से निगम अधिकारियों का व्यवहार अमर्यादित और अपमानजनक रहा है जिसे अब और सहन नहीं किया जाएगा।