Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
25-Apr-2025

कश्मीर में दो लश्कर आतंकवादियों के घर में ब्लास्ट पाकिस्तान की हिरासत में BSF जवान कश्मीर में दो लश्कर आतंकवादियों के घर में ब्लास्ट कश्मीर में शुक्रवार सुबह लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकवादियों के घर ब्लास्ट में उड़ गए। सेना के सूत्रों ने बताया कि त्राल में आसिफ शेख और अनंतनाग के बिजबेहरा में आदिल ठोकेर के घर सर्च ऑपेरशन चल रहा था। ऑपरेशन के दौरान दोनों घरों में एक्सप्लोसिव मिले। जवान सेफ्टी के लिए पीछे हटे और इसी दौरान धमाका हो गया। इन दोनों आतंकवादियों का नाम पहलगाम हमले से जुड़ा है। कश्मीर के बांदीपोरा के कुलनार इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच एनकाउंटर चल रहा है। यहां आतंकियों के छिपे होने की सूचना है। पाकिस्तानी सेना ने भी शुक्रवार सुबह लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के कई इलाकों में फायरिंग की। भारतीय सेना ने तुरंत इसका जवाब दिया। BSF के जवान को हिरासत में लिया पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इसी बीच पाकिस्तानी रेंजर्स ने पंजाब के इंडो-पाक बॉर्डर पर BSF के जवान को हिरासत में लिया है। जिस दौरान उसके हाथ से AK-47 भी छीन ली गई। हिरासत में लेने के बाद वे जवान को अपने साथ ले गए। इसके बाद पाकिस्तानी मीडिया में जवान की 2 फोटो जारी की गईं। एक फोटो में आंख पर पट्‌टी बांधी गई है तो दूसरी में बीएसएफ जवान AK-47 और पानी की बोतल के साथ खड़ा है। पकड़ा गया BSF जवान पीके सिंह मूल रूप से कोलकाता के जिला हुगली का रहने वाला है। अभी तक उसे छोड़ा नहीं गया है। BSF के अधिकारी लगातार पाक रेंजर्स के संपर्क में हैं। सिंधु जल संधि तत्काल प्रभाव से स्थगित की गई पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को स्थगित करने का फैसला लिया था। गुरुवार देर रात भारत की तरफ से पाकिस्तान को चिठ्ठी भेजकर इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी गई। भारत में जल शक्ति मंत्री सचिव देबाश्री मुखर्जी ने पाकिस्तानी जल संसाधन मंत्रालय के सचिव मुर्तजा को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया कि यह संधि अच्छे संदर्भ में की गई थी लेकिन अच्छे रिश्तों के बिना इसे बनाए नहीं रखा जा सकता। पहलगाम के नजदीक बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकियों ने 26 टूरिस्ट की हत्या कर दी थी। इनमें एक नेपाली नागरिक शामिल था। 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। जिसके बाद भारत ने जल संधि स्थगित करने सहित 5 बड़े फैसले लिए थे। पहलगाम हमले पर भागवत बोले- धर्म पूछकर हत्या करना निंदनीय राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने लोगों से उनका धर्म पूछने के बाद हत्या की। हिंदू कभी ऐसा नहीं करेगा। मोहन भागवत ने आगे कहा कि यह लड़ाई धर्म और अधर्म के बीच की है। हमारा देश कितना शक्तिशाली है यह दिखाने का समय आ गया है। भागवत ने ये बातें मुंबई में एक कार्यक्रम में कहीं। रिट्रीट सेरेमनी के दौरान दोनों देशों के गेट नहीं खोले गए अमृतसर में अटारी बॉर्डर पर गुरुवार को रिट्रीट सेरेमनी के दौरान दोनों देशों के गेट नहीं खोले गए। बंद गेटों के बीच दोनों देशों के झंडे उतारे गए। इसके साथ BSF के जवानों ने पाक रेंजर्स से हाथ भी नहीं मिलाया। वहीं सेरेमनी में लोगों की संख्या भी कम रही। रोजाना करीब 20 हजार लोग पहुंचते थे लेकिन गुरुवार को सिर्फ 10 हजार लोग ही सेरेमनी में पहुंचे। इस दौरान लोगों ने हाथ में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए। बिना परमिशन पानी सेवा चला रहे 2 लोग गिरफ्तार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले रास्ते पर दो लोग बिना परमिशन पानी सेवा चलाते हुए पकड़े गए। ये लोग नकली दस्तावेज दिखाकर श्रद्धालुओं को गुमराह कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पहला मामला श्री गीता माता मंदिर के पास सामने आया। वहां एक व्यक्ति ने खुद को पूरण सिंह बताया लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसका असली नाम मनीर हुसैन है। वह किसी और का पहचान पत्र लेकर पोनी चला रहा था। दूसरा मामला बान गंगा पुल के पास हुआ। यहां साहिल खान नाम का युवक बिना किसी लाइसेंस के पानी सेवा चला रहा था। वह जम्मू जिले के कोटली गांव का रहने वाला है। उसने खुद माना कि उसके पास कोई अनुमति नहीं है। ब्रिटिश सांसदों ने लश्कर-ए-तैयबा को ठहराया जिम्मेदार ब्रिटिश की संसद में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला गूंजा। सिख सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी और बॉब ब्लैकमैन ने गुरुवार (24 अप्रैल) को संसद में इस मुद्दे को उठाया और इसे कायरतापूर्ण घातक और चौंकाने वाला आतंकी हमला बताया। सांसद ढेसी ने कहा मैं इस सप्ताह कश्मीर में निर्दोष पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण और घातक आतंकी हमले से बहुत दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के लिए हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि दोषियों को जल्द ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। चीनी कंपनियों ने सोशल मीडिया पर छेड़ा नया ट्रेड वॉर ट्रेड वॉर अब सिर्फ टैरिफ और कूटनीति तक सीमित नहीं रही। चीन की फैक्ट्रियां अब सोशल मीडिया को नया हथियार बना रही हैं। वे टिकटॉक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो के जरिए अमेरिकी ग्राहकों को सीधे फैक्ट्री से प्रोडक्ट खरीदने के लिए प्रेरित कर रही हैं। डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन भले ही चीन पर 245% टैरिफ लगाकर उसे झुकाने की कोशिश कर रही हो लेकिन चीन की कंपनियां अमेरिकी उपभोक्ताओं से सीधे कह रही हैं- ब्रांड को भूलो फैक्ट्री से सीधे वही सामान खरीदो।